loader
biography_img

जीतन राम मांझी

जीतन राम मांझी एक भारतीय राजनेता और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री हैं। वो राजनीतिक पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) के नेता के तौर पर २३वें मुख्यमंत्री रहे। जीतन राम मांझी बिहार राज्य में दलित समुदाय के तीसरे मुख्यमंत्री रहे। २० फरवरी २०१५ को उन्होनें मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा दे दिया। वर्तमान में वे हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा के राष्ट्रीय नेता है तथा पूर्व में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे।

प्रारम्भिक जीवन

मांझी का जन्म बिहार राज्य के गया जिले की खिजरसराय के महकार गाँव में हुआ। उनके पिता का नाम रामजीत राम मांझी है जो खेतिहर मजदूर थे। उन्होंने गया महाविद्यालय से १९६६ में स्नातक तक की शिक्षा प्राप्त की। वो महा दलित मुसहर समुदाय से हैं। १९६६ में उन्होंने लिपिक की नौकरी करना आरम्भ किया और १९८० में नौकरी छोड़ दी।

व्यक्तिगत जीवन

मांझी की पत्नी का नाम शान्ति देवी है जिनसे उनके दो पुत्र एवं पाँच पुत्रियां हैं।

राजनीतिक जीवन

मांझी ने नौकरी छोड़ने के बाद राजनीति में कदम रखा और १९८० में विधायक चुने गये। इसके बाद वो १९९० और १९९६ में भी विधायक चुने गये। २००५ में बाराचट्टी से बिहार विधान सभा के लिए चुने गये। १९८३ से १९८५ तक वो बिहार सरकार में उपमंत्री रहे, १९८५ से १९८८ तक एवं पुनः १९९८ से २००० तक राज्यमंत्री रहे। २००८ में उन्हें केबिनेट मंत्री चुना गया। मुख्यमंत्री बनने के १० महीनों के बाद पार्टी ने उनसे नितीश कुमार के लिये पद छोड़ने को कहा। ऐसा न करने के कारण उनको पार्टी से निष्कासित कर दिया गया। २० फरवरी २०१५ को बहुमत साबित न कर पाने के कारण उन्होनें इस्तीफ़ा दे दिया।

Get update sign up now !