सुब्रत रॉय सहारा भारत के एक व्यवसायी तथा सहारा इण्डिया परिवार के संस्थापक, प्रबंध निदेशक एवं अध्यक्ष हैं। वे 'सहाराश्री' के नाम से भी जाने जाते हैं। इण्डिया टुडे ने उनका नाम भारत के दस सर्वाधिक शक्तिसम्पन्न लोगों में शामिल किया था। उन्होने सन् 1978 में सहारा इण्डिया परिवार की स्थापना की। सन् 2004 में टाइम पत्रिका ने सहारा समूह को भारतीय रेल के बाद दूसरा सबसे बड़ा नियोक्ता बताया था। वे पुणे वॉरियर्स इंडिया, ग्रॉसवेनर हाउस, एमबी वैली सिटी, प्लाजा होटल, ड्रीम डाउनटाउन होटल के मालिक हैं।सहारा श्री एक बंगाली परिवार से सम्बंध रखते है।
रॉय का जन्म 10 जून 1948 को बिहार के अररिया जिले सुधीर चन्द्र रॉय /छबि रॉय के घर हुआ था। पश्चिम बंगाल से उनका मूल निवास है | उन्होंने कोलकाता के होली चाइल्ड स्कूल में प्रारंभिक शिक्षा पूरी करने के बाद राजकीय तकनीकी संस्थान गोरखपुर से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा किया। उन्होने 1978 में गोरखपुर से अपना व्यवसाय प्रारंभ किया। संप्रति उनका निवास लखनऊ में है।
रॉय ने 1978 में गोरखपुर में सहारा इंडिया परिवार की स्थापना की, जिसके वे प्रबंध कार्यकर्ता (प्रबंध निदेशक) और चेयरमैन हैं। यह भारत की एक बहु-व्यापारिक कंपनी है, जिसके कार्य वित्तीय सेवाओं, गृहनिर्माण वित्त (हाउसिंग फाइनेंस), म्युचुअल फंडों, जीवन बीमा, नगर-विकास, रीयल-इस्टेट, अखबार एवं टेलीविजन, फिल्म-निर्माण, खेल, सूचना प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य, पर्यटन, उपभोक्ता सामग्री सहित अनेकों क्षेत्रों में फैला हुआ है। वर्तमान में वे आई पी एल की फ्रेंचाईजी पुणे वॉरियर्स इंडिया, लंदन के ग्रॉसवेनर हाउस,मुंबई के लोनावाला में स्थित एमबी वैली सिटी तथा न्यूयार्क के प्लाजा होटल, ड्रीम डाउनटाउन होटल के मालिक भी हैं।
रॉय द्वारा संचालित सहारा समूह के पास 30 जून-19 तक 2,82,224 करोड़ रूपये की परिसंपत्तियां हैं।
रॉय ने अपने व्यवसाय की प्रगति हेतु "सामूहिक भौतिकवाद" का दर्शन दिया,जिसका अभिप्राय है "सामूहिक प्रगति और उन्नति, समूहिक देखरेख में।"
Copyright 2024-25 Bhakti Darshan . All rights reserved - Design & Developed by BD